Durga Saptashati – Adhyay 07 in Hindi

Home » Devi Mahatmya » Durga Saptashati – Adhyay 07 in Hindi

<< दुर्गा सप्तशती अध्याय (हिंदी में) – 06

<< दुर्गा सप्तशती - Index

दुर्गा सप्तशती अध्याय लिंक - अध्याय 1 | अध्याय 2 | अध्याय 3 | अध्याय 4 | अध्याय 5 | अध्याय 6 | अध्याय 7 | अध्याय 8 | अध्याय 9 | अध्याय 10 | अध्याय 11 | अध्याय 12 | अध्याय 13


दुर्गा सप्तशती के इस सातवें अध्याय में देवी ने कैसे चण्ड-मुण्ड दैत्यों का संहार किया, इसका वर्णन दिया गया है।

साथ ही साथ इस अध्याय में देवी काली का प्रकट होना और कैसे उनका नाम चामुंडा देवी पड़ा यह भी दिया गया है।


इस पेज में दुर्गा सप्तशती अध्याय – 7 हिंदी में दिया गया है। इस अध्याय के संस्कृत श्लोक अर्थसहित पढ़ने के लिए क्लिक करें –

दुर्गा सप्तशती अध्याय – 7 श्लोक अर्थसहित


दुर्गा सप्तशती के पिछले अध्याय में, अध्याय छह में, देवी माँ ने कैसे शुम्भ के सेनापति धूम्रलोचन का संहार किया, इसका वर्णन था।

धूम्रलोचन के वध के कारण शुम्भ क्रोधित हो, चण्ड-मुण्ड को देवी से युद्ध के लिए भेजता है।

दुर्गा सप्तशती के 700 श्लोकों में से इस सातवे अध्याय में 27 श्लोक आते है।


ध्यान

मैं मातङ्गीदेवीका ध्यान करता (करती) हूँ। वे रत्नमय सिंहासनपर बैठकर पढ़ते हुए तोतेका मधुर शब्द सुन रही हैं।

उनके शरीरका वर्ण श्याम है। वे अपना एक पैर कमलपर रखे हुए हैं और मस्तकपर अर्धचन्द्र धारण करती हैं तथा पुष्पोंकी माला धारण किये वीणा बजाती हैं।

वे लाल रंगकी साड़ी पहने और हाथमें शंखमय पात्र लिये हुए हैं। उनके वदनपर मधुका हलका-हलका प्रभाव जान पड़ता है और ललाटमें बिंदी शोभा दे रही है।

  • वदन अर्थात – मुख, मुँह, चेहरा, मुखड़ा कथन, भाषण

ऋषि कहते हैं – तदनंतर शुम्भ की आज्ञा पाकर चंड-मुंड आदि दैत्य, चतुरंगिनी सेना के साथ अस्त्र-शस्त्रों से सुसज्जित हो चल दिए।

फिर गिरिराज हिमालय के सुवर्णमय ऊंचे शिखर पर पहुंचकर उन्होंने सिंह पर बैठी देवी को देखा। वे मंद-मंद मुस्करा रही थीं।

उन्हें देखकर दैत्य लोग तत्परता से पकडने का उद्योग करने लगे।

किसी ने धनुष तान लिया, किसी ने तलवार संभाली और कुछ लोग देवी के पास आकर खड़े हो गए।

तब अम्बिका ने उन शत्रुऒं के प्रति बड़ा क्रोध किया।

उस समय क्रोध के कारण उनका मुख काला पड़ गया।

ललाटमें भौंहें टेढ़ी हो गयीं और वहां से तुरंत विकरालमुखी काली प्रकट हुईं, जो तलवार और पाश लिए हुए थीं।

वे विचित्र खट्वाङ्ग धारण किए और चीते के चर्म की साड़ी पहने नर-मुंडो की मालासे विभूषित थीं।

उनके शरीर का मांस सूख गया था और केवल हड्डियों का ढांचा था, जिससे वे अयत भयंकर जान पड़ती थीं।

उनका मुख बहुत विशाल था और जीभ लपलपाने के कारण वे और भी डरावनी प्रतीत होती थीं।

उनकी आंखें भीतर को धंसी हुई और कुछ लाल थीं।

वे अपनी भयंकर गर्जना से सम्पूर्ण दिशाऒं को गुंजा रही थीं।

बड़े-बड़े दैत्यों का वध करती हुई वे कालिका देवी, बड़े वेग से दैत्यों की उस सेना पर टूट पड़ीं और उन सबका भक्षण करने लगीं।

वे पार्श्व रक्षकों, अंकुशधारी महावतों, योद्धाऒं और घंटा सहित कितने ही हाथियोंको एक ही हाथ से पकड़कर मुंह में डाल लेती थीं।

इसी प्रकार घोड़े, रथ और सारथि के साथ, रथी सैनिकों को मुंह में डालकर वे उन्हें बड़े भयानक रूप से चबा डालती थीं।

किसी के बाल पकड़ लेतीं, किसी का गला दबा देतीं, किसी को पैरों से कुचल डालतीं और किसी को छाती के धक्के से गिराकर मार डालती थीं।

वे असुरों के छोड़े हुए बड़े-बड़े अस्त्र-शस्त्र मुंह से पकड़ लेतीं और रोष में भरकर उनको दांतों से पीस डालती थीं।

काली ने बलवान एवं दुरात्मा दैत्यों की वह सारी सेना रौंद डाली, खा डाली और कितनों को मार भगाया।

कोई तलवार के घाट उतारे गए, कोई खट्वांग से पीटे गए और कितने ही असुर दांतों के अग्रभाग से कुचले जाकर मृत्यु को प्राप्त हुए।

इस प्रकार देवी ने असुरों की उस सारी सेनाको क्षणभर में मार गिराया।

यह देख चंड, उन अत्यंत भयानक काली देवी की ऒर दौड़ा।

महादैत्य मुंड ने भी अत्यंत भयंकर बाणों की वर्षा से तथा हजारों बार चलाए हुए चक्रों से उन भयानक नेत्रों वाली देवी को आच्छादित कर दिया।

वे अनेकों चक्र देवी के मुख में समाते हुए ऐसे जान पड़े, मानो सूर्य के बहुतेरे मंडल बादलों के उदर में प्रवेश कर रहे हों।

तब भयंकर गर्जना करने वाली काली ने अत्यंत रोष में भरकर विकट अट्टाहास किया।

उस समय उनके विकराल बदन के भीतर कठिनता से देखे जा सकने वाले दांतों की प्रभा से वे अत्यंत उज्वल दिखायी देती थीं।

देवी ने बहुत बड़ी तलवार हाथ में लेकर – हं – का उच्चारण करके चंड पर धावा किया और उसके केश पकड़कर उसी तलवार से उसका मस्तक काट डाला।

चंड को मारा गया देखकर, मुंड भी देवी की ऒर दौड़ा।

तब देवी ने रोष में भरकर उसे भी तलवार से घायल करके धरती पर सुला दिया।

महापराक्रमी चंड और मुंड को मारा गया देख, मरने से बची हुई बाकी सेना भय से व्याकुल हो चारों ऒर भाग गयी।

तदनंतर काली ने चंड और मुंड का मस्तक हाथ में ले, चंडिका के पास जाकर प्रचंड अट्टाहास करते हुए कहा –

देवि! मैंने चंड और मुंड नामक इन दो महापशुऒं को तुम्हें भेंट किया है।

अब युद्ध में तुम शुम्भ और निशुम्भ का स्वयं ही वध करना।

ऋषि कहते हैं –
वहां लाए हुए उन चंड-मुंड नामक महादैत्यों को देखकर कल्याणमयी चंडी ने काली से मधुर वाणी में कहा।

देवि!
तुम चंड और मुंड को लेकर मेरे पास आयी हो, इसलिए संसार में चांमुडा के नाम से तुम्हारी ख्याति होगी।

चंडिका देवी को नमस्कार है।

इस प्रकार, श्री मार्कंडेयपुराण में, सावर्णिक मन्वंतर की कथा के अंतर्गत, देवीमाहाम्य में, ‘चंड-मुंड-वध’ नामक, सातवां अध्याय पूरा हुआ।


Next.. (आगे पढें…..) >> दुर्गा सप्तशती अध्याय (हिंदी में) – 08

दुर्गा सप्तशती का अगला पेज पढ़ने के लिए क्लिक करें >>

दुर्गा सप्तशती अध्याय (हिंदी में) – 08


Durga Bhajan, Aarti, Chalisa

Durga Bhajan

Scroll to Top